उज्जैन में महिला को अर्धनग्न कर गांव में घुमाया, बाल काटे और जूते-चप्पलों की माला पहनाई!
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जिले के झारड़ा थाना क्षेत्र के अरनिया वेणा गांव में एक महिला को कथित तौर पर उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने अर्धनग्न कर गांवभर में घुमाया। आरोप है कि महिला के बाल काट दिए गए, उसके कपड़े फाड़ दिए गए और गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 30 जून की है। पीड़िता की शिकायत पर तीन महिलाओं सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि पीड़िता ने वर्ष 2023 में अपने पहले पति को छोड़कर गांव के ही एक युवक से विवाह कर लिया था। इसके बाद दोनों इंदौर में रहने लगे। हाल ही में महिला अपने दूसरे ससुराल की संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग को लेकर अरनिया वेणा गांव पहुंची थी। इसी दौरान ससुराल पक्ष के लोगों से उसका विवाद हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि 30 जून की सुबह कुछ लोग जबरन कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, बाल पकड़कर बाहर घसीटा और उसके सिर के बाल काट दिए। इसके बाद कपड़े फाड़कर उसे अर्धनग्न कर दिया तथा गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसके पति के साथ भी मारपीट की गई और दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई। हमले में महिला और उसके पति को गंभीर चोटें आई हैं।
झारड़ा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
