उज्जैन; चलती कार में स्टंटबाजी पड़ी भारी, पुलिस ने सिखाया सबक!
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में चलती कार से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया। साथ ही चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात उज्जैन पुलिस की ट्रैफिक हेल्पलाइन पर एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें वीआईपी कोठी रोड पर कुछ युवक चलती मारुति सियाज (MP-13-CC-2255) कार की खिड़कियों से बाहर लटककर स्टंट करते दिखाई दे रहे थे। यह करतूत न केवल उनकी जान के लिए खतरा थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर रही थी।
वीडियो सामने आने के बाद माधव नगर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन और चालक की पहचान की। जांच में कार चालक की पहचान सूरज गोंदिया, निवासी भेरूनाला, थाना जीवाजीगंज, उज्जैन के रूप में हुई।
पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कार को जब्त कर लिया और चालक पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर इस तरह के खतरनाक स्टंट न करें, क्योंकि इससे स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
