मजदूर संघ की गोष्ठी में नदीम इकबाल समेत कई लोगों का सम्मान
एमजेपी रोहिलखंड यूनिवर्सिटी के सभागार में भारतीय मजदूर संघ द्वारा आयोजित गोष्ठी में विभिन्न सामाजिक एवं श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में पीस कमेटी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष नदीम इकबाल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अलीगढ़ से पधारे भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश मंत्री देव वर्मा आर्य का भी सम्मान किया गया। साथ ही राम गिरीश ठाकुर को भी सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में नदीम इकबाल ने निजी क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों एवं महिलाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्राइवेट अस्पतालों और अन्य निजी संस्थानों में महिलाओं से अत्यंत कम वेतन पर 24-24 घंटे तक कार्य कराया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने मांग की कि निजी क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं को कम से कम तीन माह का मातृत्व अवकाश दिया जाए तथा गर्भावस्था के दौरान न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित की जाए।
नदीम इकबाल ने यह भी कहा कि निजी अड्डों पर खड़े दिहाड़ी मजदूरों के लिए भी न्यूनतम मजदूरी निर्धारित की जानी चाहिए, ताकि उन्हें सम्मानजनक जीवन और उचित पारिश्रमिक मिल सके।
