हज यात्रा सस्ती करने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
बरेली। पैगाम इमाम हुसैन सामाजिक संस्था उत्तर प्रदेश की ओर से हज यात्रा को आम लोगों के लिए सस्ता और सुलभ बनाने की मांग उठाई गई है। संस्था ने प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री को ज्ञापन भेजकर हज यात्रा पर बढ़ते खर्च को कम करने की मांग की है।
संस्था के संस्थापक हकीम आहिद हुसैन, प्रदेश अध्यक्ष अख्तर आफाक खान तथा प्रदेश यूथ अध्यक्ष आसिफ शेख द्वारा भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि हज यात्रा मुस्लिम समाज का महत्वपूर्ण धार्मिक कर्तव्य है, लेकिन लगातार बढ़ते खर्च के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के लोग हज यात्रा करने से वंचित रह जाते हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान समय में हज यात्रा का खर्च लगभग चार से पांच लाख रुपये तक पहुंच गया है, जो आम नागरिकों के लिए काफी बोझिल साबित हो रहा है।
संस्था ने सरकार से मांग की है कि हज यात्रा पर सरकारी सहायता दोबारा शुरू की जाए अथवा यात्रियों को आर्थिक राहत प्रदान की जाए। इसके अलावा हवाई किराए को नियंत्रित करने, हज कमेटी के माध्यम से किफायती पैकेज उपलब्ध कराने तथा गरीब एवं कमजोर वर्ग के लोगों के लिए विशेष कोटा और आर्थिक सहायता योजना लागू करने की मांग भी की गई है।
संस्था पदाधिकारियों का कहना है कि रुपये की गिरती कीमत के कारण हज यात्रा का खर्च लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है।
