हर वर्ग को जोड़ने पर जोर, जेकेएसएस की मासिक बैठक संपन्न

पीलीभीत। जनपद के गहोनिया चुंगी रेलवे क्रॉसिंग, खपरैल गौटिया स्थित जन कल्याण सुरक्षा संघ कार्यालय में रविवार को संस्था की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के सभी वर्गों को संगठन से जोड़ने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया गया।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रहमपाल सिंह ने कहा कि संगठन देशभर में जाति-धर्म से ऊपर उठकर लोगों को जोड़ने का कार्य करेगा। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे शीघ्र 25-25 सदस्यीय समितियों का गठन करें और ब्लॉक, तहसील व जिला स्तर पर जनसमस्याओं को बिंदुवार ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन के समक्ष रखें।

उन्होंने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर अधिकारियों से संपर्क करने तथा संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाते हुए जनता की समस्याओं के समाधान में सहयोग करने का आह्वान किया। साथ ही गांव और नगर स्तर पर लोगों की स्थिति का जायजा लेने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं।

बैठक में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जन धन योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष बल दिया गया।

इस अवसर पर सरदार अमरजीत सिंह, अजय पाल दिवाकर, मीना सिंह, शिव कुमारी, नंदराम वर्मा, सोनम देवी प्रजापति, भूपराम पासवान, मुकेश यादव, प्रभुनाथ, कमला देवी पाल, अजय कुमार, छाया देवी, शिव सिंह यादव, संजीव कुमार पासवान, माखनलाल राजपूत, राज कपूर, बलराम यादव, रामउग्रह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नीरज कुमार पासवान ने किया।